बेगूसराय: … तो बिहार में जंगलराज की वापसी हो गई है। ये हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि बेगूसराय की घटना के बाद तो लोग यही कह रहे हैं। दरअसल, बेगूसराय में बाइक सवार दो बदमाशों नेशनल हाईवे पर कम से कम आधा दर्जन जगहों पर ताबडतोड फायरिंग की है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। खबर है कि इस घटना में 11 लोगों को गोली लगी है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इधर, बेगूसराय एसपी का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर दी गई है।
बेगूसराय में एक साथ अलग-अलग जगहों पर 12 लोगों को मारी गई गोली, एक की मौत #BiharNews #crime pic.twitter.com/MpsTFpStlB
— 24CG NEWS (@LKnowmore) September 14, 2022
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने नेशनल हाईवे 31 और 28 पर आधा दर्जन जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। बेगूसराय जिले में ही ये दोनों नेशनल हाईवे मिलते हैं, वहीं इस घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश आधुनिक हथियार से लैस थे। बताया जा रहा है कि कि वे 30KM तक फायरिंग करते रहे, जो भी रास्ते में मिले उसे शूट कर दिया। इसमें तेघरा थाना के अयोध्या चौक के पास गोली लगने से एक शख्स की सड़क पर ही मौत हो गई। वारदात में बछवाड़ा, फुलवरिया, बरौनी और चकिया इलाकों में 8 अन्य लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सबसे पहले तेघरा में फायरिंग
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने सबसे पहले एनएच 28 पर तेघरा इलाके में जमकर फायरिंग की। यहां पर अपराधियों ने एक के बाद एक कई जगहों पर गोलियां चलाई। वहीं, एनएच 31 पर भी कई जगहों पर फायरिंग की खबर। एनएच 28 पर अपराधियों द्वारा बगराहाडीह में में भी फायरिंग की। इस घटना में चंदन कुमार नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाढ़ के रहने वाले टीवीएस क्रेडिट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी विशाल सोलंकी को पेट में गोली लगी है। विशाल का इलाज बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अपराधियों ने चकिया थाना क्षेत्र के मल्हीपुर चौक पर मछली की दुकान पर जमकर फायरिंग की। अपराधियों ने मछली बेचने वाले के साथ साथ दो मछली खरीददारों को भी गोली मार दिया है। अपराधियों की गोली से अब तक कुल 11 लोगों के घायल होने की खबर है, जिसमें एक की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने ट्वीट कर कहा कि पुलिस प्रशासन को चेताया था कि राजनीति, अपराध और ठेकेदारी का गठजोड़ फिर बेगूसराय को साठ के दशक में ले जा रहा है, जब हत्या आम बात थी। आज गोलियों की बौछार ने दर्जन भर लोगों को घायल किया और मौत भी हुई। सख्त करवाई की जरूरत है।
पुलिस प्रशासन को चेताया था राजनीति अपराध और ठेकेदारी का गठजोड़ फिर बेगूसराय को साठ के दशक में ले जा रहा है जब हत्या आम बात थी । आज गोलियों की बौछार ने दर्जन भर लोगों को घायल किया और मौत भी हुई । सख़्त करवाई की ज़रूरत है ।@DM_Begusarai
— Prof Rakesh Sinha MP (@RakeshSinha01) September 13, 2022
वहीं, बेगूसराय सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्विट किया है कि बेगूसराय के अलग-अलग जगहों पर 12 लोगों को गोली मारी गयी है। जिला प्रशासन इस बात की पुष्टि नहीं कर रहा है।
#बेगूसराय में ओपन फायरिंग कर 11 लोगों को गोली मारने की घटना अत्यंत दुखद-दुर्भाग्यपूर्ण है।
ऐसा प्रतीत होता है कि #बिहार में कानून नाम की चीज नहीं बची है।
शराब व खनन माफिया और अपराधिक गिरोहों को नई सरकार में पूरी छूट मिल गई है।
अपराधी बेखौफ है और आम जनता में घोर भय व्याप्त है।
— Nikhil Anand (@NikhilAnandBJP) September 13, 2022
बिहार बीजेपी के प्रवक्ता निखिल आनंद ने ट्वीट कर कहा है कि बेगूसराय में ओपन फायरिंग कर 11 लोगों को गोली मारने की घटना अत्यंत दुखद-दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा प्रतीत होता है कि बिहार में कानून नाम की चीज नहीं बची है। शराब और खनन माफिया और आपराधिक गिरोहों को नई सरकार में पूरी छूट मिल गई है। अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता में घोर भय व्याप्त है।
बेगूसराय एसपी ने कहा की गई है नाकेबंदी
इधर, बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि की है। एसपी ने बताया है कि बाइक सवार दो बदमाश एनएच पर घटना को अंजाम दे रहे हैं। पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में पुलिस टीम नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है।