भिलाई।भिलाई में भारतीय जनता युवा मोर्चा के वैशाली नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का पुतला दहन किया। मौके पर पहुंची जामुल पुलिस जल रहे पुतले को बुझाने में लगी थी कि कार्यकर्ताओं ने छिपाकर रखा दूसरा पुतला निकाला और उसे भी जला दिया। इस दौरान दोनों के बीच काफी झूमाझटकी भी हुई।भाजयुमो नेता मयंक गुप्ता ने बताया कि सुरजपूर जिला में भाजयुमो भैयाथान मंडल के अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह के ऊपर रेत माफियाओं की ओर से जानलेवा हमला किया गया है। उनके दोनों पैरों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी गई, जिससे उनके पैर बुरी तरह कुचल गए। विरोध में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत के निर्देश पर सभी जिलों के मंडलों में पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि ‘बस्तर में भारतीय जनता पार्टी के बड़े पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की हत्या करवाई जा रही है। महिलाओं युवतियों के साथ आए दिन अत्याचार और बलात्कार की घटनाएं हो रही है। इसके लिए पूरी तरह से प्रदेश सरकार जिम्मेदार है’।पुतला दहन के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई जमकर झूमाझटकी हुई।
कानून व्यवस्था की दुरुस्त करने की मांग
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की है प्रदेश में अमन शांति को लौटाने का प्रयास करें। राज्य में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। पुलिस को वीआईपी ड्यूटी में लगाया जा रहा है और लोग असुरक्षा के बीच जी रहे हैं। आए दिन घरों में चोरी, लूट, चेन स्नेचिंग, हत्या, रेप जैसी बड़ी वारदातें हो रही हैं। इसके लिए जिम्मेदार गृहमंत्री इस पर कोई भी बात नहीं कर रहे हैं। उन्हें इससे कोई परवाह नहीं है। इसलिए वो मांग करते हैं कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाए, नहीं तो उनका विरोध प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा।

रिसाली में गृहमंत्री का पुतला जलाते हुए भाजयुमो के कार्यकर्ता, उनके साथ महिला कार्यकर्ताएं भी मौजूद।
रिसाली मंडल में भी फूंका गया गृहमंत्री का पुतला
प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का पुतला भिलाई निगम सहित रिसाली और दुर्ग में भी फूंका गया। रिसाली मंडल के भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी पुतला जलाने को लेकर जमकर झूमाझटकी हुई। भाजयुमो कार्यकर्ता मैत्रीबाग चौक में इकट्ठा हुए। इसके बाद नारे बाजी कर प्रदर्शन करते हुए गृहमंत्री का पुतला जलाया।