मिशन 2023 के लिए भाजपा ने अपनी चुनावी टीम घोषित कर दी है। 162 नेताओं की जंबो टीम में पुराने और नए नेताओं को साधने की कोशिश की गई है। सुभाष राव, राजेश मूणत, अमर अग्रवाल जैसे अनुभवी वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। चुनावी प्रबंधन और व्यवस्था के लिए लिहाज से बनी इन समितियों में अधिकांश पिछले चुनाव में भी बनी थीं, लेकिन पहली बार चुनाव के लिए पार्टी ने क्रय समिति गठित की है।
दरअसल, पार्टी ने सोमवार को 16 समितियों के लिए संयोजक, सह संयोजक और सदस्यों की सूची जारी की। यह सूची केंद्रीय गृह अमित शाह के जाने के ठीक बाद जारी की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि शाह की मुहर लगने के बाद इस सूची को जारी किया गया है। पिछली बार भी शाह के दौरे के ठीक बाद 31 सदस्यीय चुनाव घोषणा पत्र समिति घोषित की गई थी।
मीडिया समिति की कमान रसिक को
इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया और संगठन के बीच सामंजस्य स्थापित करने के लिए मीडिया समिति का गठन किया गया है। 13 सदस्यीय समिति की कमान रसिक परमार (संयोजक) को दी गई है। केदारनाथ गुप्ता और अमित चिमनानी सह संयोजक बनाए गए हैं। इसके अलावा अनुराग अग्रवाल, देवलाल ठाकुर, हेमंत पाणिग्रही, निश्चय बाजपेयी, राजीव चक्रवर्ती आदि सदस्य बनाए गए हैं।
अन्य समितियां इस प्रकार हैं
- वाहन व्यवस्था समिति- रोहित द्विवेदी संयोजक, चार सदस्य।
- प्रशासकीय अनुमति समिति – मोहन पवार संयोजक, दो सदस्य।
- अन्य राज्यों से समन्वय समिति- अशोक बजाज संयोजक व 5 सदस्य।
- कंटेंट क्रिएटर समिति- पंकज झा, संयोजक व गोपाल सामंतो सहित अन्य 11 नेता सदस्य।
- सांस्कृतिक दल प्रचार समिति- 11 सदस्यीय समिति के संयोजक श्रीचंद्र सुंदरानी को बनाया गया है। राजेश अवस्थी सह संयोजक होंगे।
- विधिक समिति- जय प्रकाश चंद्रवंशी संयोजक, 18 सदस्य।
- प्रवास-स्वागत समिति- लोकेश कावड़िया संयोजक, 35 सदस्य।
चुनाव आयोग के मसले सुलझाएंगे नरेश
चुनाव आयोग संपर्क समिति की कमान नरेश चंद्र गुप्ता संभालेंगे। इसमें विजय शंकर मिश्रा को सहसंयोजक, पूर्व आईएएस गणेश शंकर मिश्रा और आरपीएस त्यागी सदस्य है। पहले भी गुप्ता के पास ही इसकी जिम्मेदारी थी।
फंड का जिम्मा संभालेंगे अमर, मद्दी और नंदन
चुनावी खर्च के लिए पैसा जुटाने और खर्च का हिसाब किताब रखने के लिए बनाई गई वित्त समिति की कमान पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल संभालेंगे। इस समिति में श्रीनिवास मद्दी और नंदन जैन सदस्य बनाए गए हैं।
मूणत को दो समितियों की मिली कमान
पहली बार बनी क्रय समिति की कमान राजेश मूणत संभालेंगे। इसमें छगन मूंदड़ा, रामू रोहरा और ओंकार बैस सदस्य होंगे। इसके अलावा 7 सदस्यीय प्रचार प्रसार साहित्य निर्माण समिति की कमान भी मूणत संभालेंगे।
आवास व्यवस्था संभालेंगे सुरेंद्र पाटनी
चुनाव के समय नेताओं और कार्यकर्ताओं के आवास व्यवस्था और खान पान की जिम्मेदारी संभालने के लिए सुरेंद्र पाटनी को आवास विभाग व्यवस्था समिति का संयोजक बनाया गया है। इस समिति में 8 सदस्य भी हैं।