केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया आज दुर्ग में:विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पदाधिकारियों की लेंगे बैठक, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के प्रदेश सह चुनाव प्रभारी मनसुख मंडाविया 31 अगस्त को दुर्ग आ रहे हैं। उनके आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों में दुर्ग जिला भाजपा के जिलाध्यक्ष कार्यकर्ता लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि मनसुख विधानसभा चुनाव को लेकर खास बैठक भी करेंगे, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को विशेष निर्देश दिए जाएंगे।

दुर्ग जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक और ललित चंद्राकर ने भास्कर को बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया गुरुवार दोपहर दुर्ग आएंगे। दुर्ग जिला भाजपा के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने खुद अपने निर्देशन में उनका कार्यक्रम तय किया है। इस मौके पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज्यसभा सांसद डॉ. सरोज पांडेय और लोकसभा सांसद व पाटन से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री का ये दौरान विधानसभा चुनाव को देखते हुए काफी अहम माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री मंडाविया शाम 4 बजे जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वो तय सूची के अनुसार पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक का प्रभारी जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कांतिलाल बोथरा को बनाया है।

महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मनाएंगी अनोखी राखी
सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के प्रवास कार्यक्रम के दौरान ही दोपहर 3 बजे महिला मोर्चा द्वारा रखी बांधने का कार्यक्रम रखा गया है। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या कलिहारी के नेतृत्व में सभी महिलाएं गांधी प्रतिमा के पास, उतई टेम्पो स्टैंड, दुर्ग में ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा चालकों को रक्षा सूत्र बांध कार राखी मनाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *