कीमत की बात करें, तो नई Jawa 42 की कीमत 1.98 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है, जबकि Yezdi Roadster की कीमत 2.09 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। दोनों नए वेरिएंट अब डीलरशिप्स पर खरीद के लिए उपलब्ध हैं। Jawa 42 का नया वेरिएंट चार डुअल-टोन रंगों – कॉस्मिक रॉक, इनफिनिटी ब्लैक, स्टारशिप ब्लू और सेलेस्टियल कॉपर में उपलब्ध होगा। Yezdi Roadster का नया वेरिएंट चार नए रंगों में उपलब्ध होगा, जिसमें तीन डुअल-टोन थीम – रश ऑवर रेड, फॉरेस्ट ग्रीन और लूनर व्हाइट शामिल हैं और एक सॉलिड थीम – शैडो ग्रे है।
बता दें कि Jawa 42 रेंज की कीमत 1.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि Yezdi Roadster की शुरुआती कीमत 2.06 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
शुरुआत Jawa 42 की करें, तो यहां लुक में बदलाव किए गए हैं। नए वेरिएंट में डुअल-टोन फिनिश मिलती है। इसमें क्लीयर लेंस इंडिकेटर के साथ रीडिजाइन सीट्स, शॉर्ट-हैंग फेंडर और रीडिजाइन फ्यूल टैंक शामिल किया गया है। वहीं, व्हील डायमंड-कट अलॉय के साथ आते हैं। बाइक में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है, जिसका मतलब है कि नया वेरिएंट भी 294.7cc, लिक्विड-कूल्ड इंजन से लैस आता है, जो 27hp की पावर और 26.8Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन छह-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है।
Yezdi Roadster की बात करें, तो यहां लुक के साथ-साथ मैकेनिकल बदलाव भी हैं। वेरिएंट को मूल वेरिएंट से ज्यादा आरामदायक और ट्रैवल-अनुकूल बनाने के लिए नए राइडर फुट पेग्स और एक लंबा हैंडलबार शामिल किया गया है। बाइक में अब नए हैंडलबार ग्रिप्स और हैंडलबार-माउंटेड मिरर भी हैं। इसमें डायमंड-कट अलॉय व्हील और इंजन और एग्जॉस्ट पर रेवेन टेक्सचर फिनिश शामिल है।
Yezdi Roadster में 334cc, लिक्विड-कूल्ड इंजन लगा हुआ है, जो 29hp की पावर और 28.9Nm का टॉर्क देता है। इंजन छह-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है।